कई शहरों से पहुंचे गणमान्य लोग, शिक्षा, एकता और फिजूलखर्ची रोकने पर हुई चर्चा
रिपोर्ट – शान मोहम्मद सिद्दीकी / स्वदेश प्रेम
नई दिल्ली (ब्रह्मपुरी): 24 मार्च 2026, मंगलवार को दोपहर 12:00 बजे ब्रह्मपुरी, दिल्ली में हाजी अफजाल साहब के निवास पर एक भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली सहित कानपुर, अलीगढ़, बिजनौर, जहांगीराबाद, बुलंदशहर, हापुड़ और आगरा से आए गणमान्य लोगों ने उत्साहपूर्वक शिरकत की।
समारोह में विभिन्न विधानसभाओं के सदर एवं कमेटी के पदाधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति रही, जिससे कार्यक्रम की शोभा और बढ़ गई। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने आपसी परिचय (तारुफ) के साथ अपने विचार भी साझा किए।
कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने समाज में शिक्षा के महत्व, जागरूकता, आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने, मनमुटाव को समाप्त करने तथा शादियों में होने वाले फिजूल खर्चे को रोकने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे। सभी ने समाज में एकता और सुधार के लिए मिलकर कार्य करने पर जोर दिया।
समारोह के अंत में उपस्थित लोगों ने हाजी अफजाल साहब का तहे दिल से आभार व्यक्त किया और उनकी शानदार मेहमाननवाजी की सराहना की। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य और तरक्की के लिए दुआएं कीं तथा समाज सेवा के कार्यों में उनके साथ कंधे से कंधा मिलाकर चलने का संकल्प लिया।
यह ईद मिलन समारोह न केवल खुशियों का संगम रहा, बल्कि सामाजिक एकता, प्रेम और जागरूकता का एक प्रेरणादायक उदाहरण भी बना।
