युवाओं को मिलेगा मंच: करावल नगर में होगा भव्य मार्शल आर्ट प्रतियोगिता
दिल्ली, शान मोहम्मद सिद्दीकी।
नॉर्थ ईस्ट दिल्ली में खेल प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से “फर्स्ट नॉर्थ ईस्ट दिल्ली डिस्ट्रिक्ट निंजा स्पोर्ट्स मार्शल आर्ट चैंपियनशिप 2026” का आयोजन 26 अप्रैल (रविवार) को किया जाएगा। प्रतियोगिता का आयोजन करावल नगर स्थित हार्डन गार्डन में होगा, जिसमें जिले भर के खिलाड़ी भाग लेंगे।
इस प्रतियोगिता का आयोजन एस.एम. इंटरनेशनल स्कूल के तत्वावधान में किया जा रहा है, जो नॉर्थ ईस्ट दिल्ली एनएसएमएए एवं दिल्ली स्टेट एनएसएमएए से संबद्ध है। आयोजकों के अनुसार, प्रतियोगिता में बालक एवं बालिकाओं के लिए अलग-अलग वर्ग निर्धारित किए गए हैं।
प्रतियोगिता में मिनी, सब जूनियर, जूनियर एवं सीनियर वर्ग शामिल हैं, जिनमें प्रतिभागियों को आयु एवं वजन के आधार पर विभाजित किया जाएगा। सभी मुकाबले नॉकआउट प्रणाली के तहत आयोजित होंगे। विजेता खिलाड़ियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
एनईडीएनएसएमएए की अध्यक्ष रोशनी शर्मा तथा दिल्ली स्टेट एनएसएमएए की महासचिव संगीता चौहान ने बताया कि इस प्रकार के खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना का विकास करते हैं। उन्होंने क्षेत्र के अधिक से अधिक खिलाड़ियों से प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
आयोजकों द्वारा प्रतियोगिता से संबंधित जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। यह आयोजन क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का सुनहरा अवसर प्रदान करेगा।
