“अनुशासन, समर्पण और गौरव का अद्भुत संगम—रिजर्व पुलिस लाइन गोण्डा में सजी भव्य पासिंग आउट परेड”
स्वदेश प्रेम, रमजान अली, गोण्डा।
पुलिस अधीक्षक गोण्डा श्री विनीत जायसवाल के कुशल निर्देशन में संचालित 497 रिक्रूट आरक्षियों के 09 माह के कठोर एवं अनुशासित प्रशिक्षण सत्र का सफल समापन आज दिनांक 26 अप्रैल 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन, गोण्डा में भव्य एवं गरिमामय दीक्षांत परेड समारोह के साथ सम्पन्न हुआ। यह अवसर न केवल रिक्रूट आरक्षियों के लिए, बल्कि उनके परिवारजनों एवं सम्पूर्ण पुलिस विभाग के लिए गर्व एवं गौरव का क्षण रहा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र श्री अमित पाठक द्वारा परेड की सलामी ली गई। तत्पश्चात उन्होंने परेड का सूक्ष्म निरीक्षण कर मान-प्रणाम ग्रहण किया। रिक्रूट आरक्षियों ने उत्कृष्ट समन्वय, अनुशासन, आत्मविश्वास एवं उच्च स्तरीय प्रशिक्षण का प्रदर्शन करते हुए टोलीवार मार्च पास्ट प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी अधिकारियों एवं अतिथियों को प्रभावित किया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा समस्त रिक्रूट आरक्षियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई तथा उन्हें अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता एवं संवेदनशीलता के साथ करने हेतु प्रेरित किया गया।
मुख्य अतिथि पुलिस महानिरीक्षक श्री अमित पाठक ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “आज आप केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि सेवा और जिम्मेदारी का दायित्व ग्रहण कर रहे हैं। आपका हर कदम और हर निर्णय समाज पर प्रभाव डालता है। ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा और अनुशासन को अपना मूल मंत्र बनाइए। आपके कार्यों से ही उत्तर प्रदेश पुलिस की छवि सशक्त और प्रभावी बनेगी।”
दीक्षांत समारोह के दौरान प्रशिक्षण अवधि में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को मुख्य अतिथि एवं पुलिस अधीक्षक गोण्डा द्वारा विभिन्न श्रेणियों में पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया। आंतरिक एवं बाह्य विषयों में उत्कृष्ट मानसिक एवं शारीरिक दक्षता के लिए रिक्रूट आरक्षी समर पाल वर्मा एवं शैलेन्द्र यादव को विशेष पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं सर्वांग सर्वोत्तम प्रदर्शन हेतु रिक्रूट आरक्षी नित्यानंद त्रिपाठी को “सर्वांग सर्वोत्तम आरक्षी” का सम्मान दिया गया। इसके अतिरिक्त अन्य विभिन्न विषयों में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले रिक्रूट आरक्षियों को ट्रॉफी एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
दीक्षांत परेड के सफल संचालन में प्रथम परेड कमांडर सौभाग्य, द्वितीय परेड कमांडर अभय यादव एवं तृतीय परेड कमांडर अभय प्रताप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके कुशल नेतृत्व में परेड का संचालन अत्यंत अनुशासित एवं प्रभावशाली ढंग से सम्पन्न हुआ।
पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा प्रशिक्षण सत्र में योगदान देने वाले समस्त इण्डोर एवं आउटडोर प्रशिक्षकों के उत्कृष्ट कार्य, समर्पण एवं पेशेवर दक्षता की सराहना की गई। उनके मार्गदर्शन एवं सतत प्रेरणा के फलस्वरूप रिक्रूट आरक्षियों को उच्च गुणवत्ता का प्रशिक्षण प्राप्त हुआ। इस अवसर पर आईटीआई श्री अनिल कुमार यादव, पीटीआई श्री सेराज अहमद तथा कम्प्यूटर ऑपरेटर के रूप में उत्कृष्ट कार्य करने वाले श्री इन्द्रेश कुमार गुप्ता एवं श्री प्रवीण पाण्डेय को भी पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया।
समारोह के दौरान उपस्थित अधिकारियों, गणमान्य व्यक्तियों एवं पुलिसकर्मियों द्वारा नवप्रशिक्षित आरक्षियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
इस अवसर पर सहायक पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक दवाच्यॉ, ट्रेनी आईपीएस श्री प्रदीप कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय, अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
यह दीक्षांत परेड न केवल प्रशिक्षण की पूर्णता का प्रतीक बनी, बल्कि नवआरक्षियों के जीवन में एक नई शुरुआत और जनसेवा के संकल्प का सशक्त संदेश भी दे गई।
