दिल्ली में चोरी की वारदात, तेरहवीं में गए परिवार के घर से चोरों ने उड़ाए लाखों का सामान
1 min read
सोने-चांदी के गहने, दो लाख नकद और गुल्लक तक तोड़ ले गए चोर, इलाके में दहशत का माहौल
स्वदेश प्रेम / हर्ष विहार दिल्ली
शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली।
राजधानी दिल्ली के थाना हर्ष विहार क्षेत्र में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, बुध विहार, मकान नंबर 62A, गली नंबर-2 मंडोली में चोरों ने उस समय धावा बोला जब पूरा परिवार अपने किसी परिचित की तेहरवीं में शामिल होने अलीगढ़ गया हुआ था।
पीड़ित परिवार ने बताया कि वे 26 अगस्त 2025 को अलीगढ़ गए थे और 29 अगस्त को जैसे ही घर लौटे तो ताले टूटे मिले और घर का सामान बिखरा पड़ा था। परिजनों ने तुरंत PCR को कॉल कर घटना की जानकारी दी।
परिवार के अनुसार, चोर घर से लगभग दो लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान चोरी करके ले गए। यहां तक कि चोरों ने घर में रखी गुल्लक तक तोड़ डाली और उसमें रखे पैसे भी साथ ले गए।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोरों की पहचान कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं जिससे लोगों में डर और गुस्सा दोनों व्याप्त है। वहीं, पीड़ित परिवार ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि अपराधियों को जल्द पकड़कर सख्त सजा दी जाए ताकि इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
