दिल्ली

द्वारका में ऑनलाइन सट्टा गिरोह का भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 29.04.2026

रिपोर्ट: शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली: द्वारका जिले के थाना बिंदापुर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन सट्टा संचालन में लिप्त तीन सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस टीम ने आरोपियों के कब्जे से 6 मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप, 20 डेबिट कार्ड, 4 बैंक पासबुक और 2 चेक बुक बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार, थाना बिंदापुर की टीम को क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए थे। इसी क्रम में 21 अप्रैल 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई कि ओम विहार, दयाल सर रोड स्थित एक मकान में तीन युवक पिछले कई दिनों से संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर छापा मारा, जहां तीनों आरोपी लैपटॉप और मोबाइल फोन के माध्यम से ऑनलाइन सट्टा संचालन करते हुए पाए गए।

जांच के दौरान पाया गया कि एक आरोपी लैपटॉप पर “रेड्डी अन्ना” नामक एप्लिकेशन चला रहा था, जिसमें डेबिट, प्वाइंट्स और बैलेंस से संबंधित जानकारी दर्ज थी। वहीं अन्य दो आरोपी व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए लोगों की आईडी बनाकर उन्हें प्वाइंट्स आवंटित कर रहे थे। इन प्वाइंट्स का उपयोग मैच, कसीनो और अन्य खेलों में सट्टा लगाने के लिए किया जाता था, जहां एक प्वाइंट की कीमत एक रुपये के बराबर थी।

पूछताछ में आरोपियों ने अपनी पहचान दुलो कुमार (21), मिथलेश कुमार (21) और ज्योतिष कुमार (22) के रूप में बताई, जो बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। उन्होंने खुलासा किया कि वे राजा और बबलू नामक व्यक्तियों के लिए काम कर रहे थे, जो उन्हें प्रति माह 15 से 20 हजार रुपये वेतन देते थे। सभी बैंक खाते और डेबिट कार्ड भी इन्हीं के द्वारा उपलब्ध कराए जाते थे और साप्ताहिक हिसाब-किताब किया जाता था।

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना बिंदापुर में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही फरार आरोपियों राजा और बबलू की तलाश में छापेमारी जारी है। मामले की आगे की जांच जारी है।

(कुशल पाल सिंह) आईपीएस
उपायुक्त पुलिस, द्वारका जिला, दिल्ली

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें