सीसीटीवी फुटेज व खुफिया जानकारी से मंडावली थाना पुलिस को सफलता
स्वदेश प्रेम : शान मोहम्मद
नई दिल्ली|पूर्वी दिल्ली के मंडावली थाना क्षेत्र में पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी के एक मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए ई-रिक्शा के पुर्जे भी बरामद किए हैं। साथ ही चोरी का सामान खरीदने वाले एक रिसीवर के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे पाबंद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच के दौरान क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण किया गया। इसके साथ ही स्थानीय खुफिया तंत्र से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपी की पहचान सुनिश्चित की गई। पुख्ता सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी ई-वाहन चोरी (E-MVT) के कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है तथा उसके नेटवर्क का पता लगाने का प्रयास कर रही है।
मंडावली थाना पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में ई-रिक्शा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगने की उम्मीद है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, जिससे अपराधों पर समय रहते नियंत्रण किया जा सके।
