AIJ दिल्ली प्रदेश की बैठक में पत्रकार हितों और संगठन विस्तार पर जोर
सुल्तानपुरी में पत्रकारों का जुटान, एकता और अधिकारों पर हुई अहम चर्चा
शान मोहम्मद सिद्दीकी / स्वदेश प्रेम
नई दिल्ली, 25 जनवरी 2026।
राजधानी दिल्ली के सुल्तानपुरी स्थित न्यायिक नायक न्यूज़ कार्यालय में आज भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) दिल्ली प्रदेश की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अवध नारायण पत्रकार ने की, जिसमें राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों से आए पत्रकारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बैठक में बुराड़ी, मयूर विहार, जनकपुरी, सोनिया विहार, विकासपुरी, द्वारका, उत्तम नगर और सुल्तानपुरी सहित कई क्षेत्रों से पत्रकार उपस्थित रहे। इस अवसर पर वरिष्ठ पत्रकार बंजारा आर.के. राठौर ने सभी आगंतुक पत्रकारों का पटका पहनाकर स्वागत एवं सम्मान किया।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पत्रकार कुलदीप सिंह रंधावा, सुशील खन्ना, विवेंद्र सिंह कुशवाहा, विजय पूर्णियां, डॉ. उमेश पाल, शिपाली सिंह, सुदेश कंडेरा, राकेश बहोत, प्रीति टांक और साहिल सुल्तानपुरी सहित अनेक पत्रकारों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
बैठक को संबोधित करते हुए दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष अवध नारायण पत्रकार ने संगठन की विस्तार नीति और भविष्य की योजनाओं पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा, निष्पक्ष पत्रकारिता को बढ़ावा देने और संगठन को मजबूत बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है।
वहीं, न्यायिक नायक न्यूज़ के मुख्य संपादक एडवोकेट बंजारा आर.के. राठौर ने पत्रकारों के साथ हो रहे अन्याय, उत्पीड़न और दबाव की घटनाओं पर चिंता व्यक्त करते हुए पत्रकार एकता को मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को सुरक्षा, सम्मान और सहयोग प्रदान करना है।
दैनिक मयूर संवाद के कुलदीप सिंह रंधावा ने राष्ट्रीय राजधानी में AIJ की सशक्त टीम के गठन को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव साझा किए और संगठन को और प्रभावी बनाने की आवश्यकता पर बल दिया।
ज्ञात हो कि भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) एक राष्ट्रीय स्तर का स्वतंत्र एवं गैर-लाभकारी पत्रकार संगठन है, जो देशभर के पत्रकारों, मीडिया कर्मियों और संवाददाताओं के संवैधानिक अधिकारों, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और पेशेवर गरिमा की रक्षा के लिए कार्य करता है। यह संगठन प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया से जुड़े पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करता है, जहां सत्य, निष्पक्षता और जनहित सर्वोपरि हैं।
AIJ का नेटवर्क देश के 20 से अधिक राज्यों में फैला हुआ है, जिसमें 82,000 से अधिक सक्रिय सदस्य जुड़े हैं। संगठन पत्रकारों को फर्जी मुकदमों, धमकियों और उत्पीड़न के मामलों में सहयोग प्रदान करने के साथ-साथ प्रशिक्षण, सेमिनार और सम्मान समारोहों का आयोजन भी करता है।
इसके अतिरिक्त, संगठन ने विभिन्न विश्वविद्यालयों, अस्पतालों और कोचिंग संस्थानों के साथ मिलकर पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए रियायती इलाज, शिक्षा में सहायता और स्कॉलरशिप जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई हैं, जो पत्रकार समुदाय के लिए एक मजबूत सामाजिक सुरक्षा का कार्य कर रही हैं।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों को सम्मानित किया गया तथा संगठन को और अधिक मजबूत बनाने के संकल्प के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
