स्वदेश प्रेम, रमजान अली, गोण्डा।
जनपद गोण्डा में आयोजित यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, गोण्डा श्री अमित पाठक ने 25 अप्रैल 2026 को द्वितीय पाली के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में उन्होंने पीएमश्री फ0अ0अ0 राजकीय इंटर कॉलेज गोण्डा, सरजू प्रसाद कन्या पाठशाला गोण्डा तथा शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह (टॉमसन) इंटर कॉलेज गोण्डा पहुंचकर व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।
इस दौरान आईजी ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा प्रबंध, अभ्यर्थियों की बैठने की व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली एवं परीक्षा की निगरानी व्यवस्था का गहन अवलोकन किया। सभी केंद्रों पर परीक्षा शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप सुव्यवस्थित, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष रूप से संचालित होती पाई गई।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की गुंजाइश न रहे। साथ ही परीक्षा प्रक्रिया को पूर्णतः निष्पक्ष और पारदर्शी बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया।
प्रशासन की मुस्तैदी और सतर्कता के चलते पूरे जनपद में परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हो रही है, जिससे अभ्यर्थियों को निष्पक्ष और सुरक्षित माहौल में अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
