दिल्ली

सुबह की पिकेट ड्यूटी में शानदार काम, चंद मिनटों में जेबकतरा गिरफ्तार; मोबाइल बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 27 अप्रैल 2026
रिपोर्ट: शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली: द्वारका जिला पुलिस ने एक बार फिर मुस्तैदी का परिचय देते हुए सुबह की पिकेट ड्यूटी के दौरान जेबकतरे को पकड़कर सराहनीय काम किया है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पीड़िता की सतर्कता के चलते आरोपी को महज कुछ ही मिनटों में पकड़ लिया गया और चोरी किया गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया।

घटना 25 अप्रैल की सुबह की है, जब एक महिला अपनी बेटी के साथ डीटीसी बस में सफर कर रही थी। इसी दौरान एक व्यक्ति ने उसका मोबाइल फोन चुरा लिया और बस से उतरकर भागने लगा। महिला ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए उसका पीछा किया और मदद के लिए शोर मचाया।

महिला की आवाज सुनकर पास में तैनात पुलिसकर्मी तुरंत हरकत में आए और आरोपी के पीछे दौड़ पड़े। सेक्टर-10 द्वारका चौकी प्रभारी एसआई रजत मलिक के नेतृत्व में टीम ने करीब 100 मीटर के भीतर ही आरोपी को दबोच लिया।

पूछताछ में आरोपी की पहचान योगेंद्र शर्मा (38 वर्ष) निवासी मोहन गार्डन, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से चोरी किया गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया।

इस संबंध में थाना मोहन गार्डन में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। कोर्ट ने भी आरोपी को जमानत देने से इनकार करते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुबह के समय व्यस्त इलाकों में लगाए गए पिकेट अपराध रोकने में कारगर साबित हो रहे हैं। इस घटना में स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई और पीड़िता के साहस की सराहना की।


द्वारका पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें