दिनांक: 04 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के नबी करीम थाना पुलिस ने एंटी-ड्रग अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 6.44 ग्राम स्मैक बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी पुख्ता और विश्वसनीय सूचना के आधार पर की गई। 2 और 3 मई की दरमियानी रात पुलिस टीम ने कुर्सी मार्केट स्थित मदर डेयरी बूथ के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान सोनू (28 वर्ष), निवासी मुल्तानी ढांडा, पहाड़गंज के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से स्मैक बरामद हुई, जिसके बाद एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह नशे का आदी है और अपनी लत को पूरा करने के लिए राह चलते लोगों को स्मैक बेचता था। उसने यह भी बताया कि वह यह नशीला पदार्थ पहाड़गंज निवासी कविता नाम की महिला से खरीदता था।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी पहले भी कई मामलों में शामिल रह चुका है और वह एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ चोरी, स्नैचिंग और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई केस दर्ज हैं।
पुलिस अब आरोपी के बताए सप्लायर और नेटवर्क की तलाश में जुटी है ताकि नशे के पूरे गिरोह का पर्दाफाश किया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।
