दिल्ली

वर्क-फ्रॉम-होम के नाम पर ठगी का खुलासा: साइबर थाना पुलिस ने राजस्थान से आरोपी छात्र को दबोचा

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 04 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के साइबर थाना पुलिस ने “वर्क-फ्रॉम-होम” के नाम पर चल रहे ऑनलाइन ठगी गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एक आरोपी को राजस्थान के करौली से गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 20 वर्षीय अनुज मीणा के रूप में हुई है, जो वेटरनरी साइंस का छात्र है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला इंस्टाग्राम पर “हैंडराइटिंग वर्क” के नाम पर लोगों को झांसा देकर ठगी करने से जुड़ा है। शिकायतकर्ता, जो सीता राम बाजार का रहने वाला है, को “sweetywork67” नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट के जरिए घर बैठे काम का लालच दिया गया। इसके बाद उससे रजिस्ट्रेशन, मटेरियल, जीएसटी और वेरिफिकेशन के नाम पर अलग-अलग किस्तों में कुल 34,509 रुपये से ज्यादा की ठगी की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने डिजिटल और फाइनेंशियल ट्रेल को खंगाला, जिसमें एक UPI आईडी तक पहुंच बनाई गई। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर टीम ने राजस्थान के करौली में छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी अपने साथी गणेश शर्मा उर्फ प्रिंस उर्फ गोलू के साथ मिलकर यह फर्जीवाड़ा चला रहा था। दोनों ने मिलकर इंस्टाग्राम पेज बनाया और Meta के जरिए विज्ञापन को प्रमोट कर ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंच बनाई। आरोपी अनुज मीणा बैंक अकाउंट और सिम कार्ड उपलब्ध कराता था, जबकि उसका साथी ऑनलाइन ठगी को अंजाम देता था।

पुलिस ने आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और डिजिटल ट्रांजैक्शन से जुड़े सबूत बरामद किए हैं। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के बैंक अकाउंट से जुड़ी एक और शिकायत गुजरात के सूरत से दर्ज है।

फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी गणेश शर्मा की तलाश में जुटी है और इस गिरोह से जुड़े अन्य पीड़ितों की पहचान की जा रही है। साथ ही, ठगी की रकम किन-किन खातों में ट्रांसफर की गई, इसकी भी जांच जारी है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे ऑनलाइन “वर्क-फ्रॉम-होम” के नाम पर मिलने वाले लुभावने ऑफर्स से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की फीस जमा करने से पहले पूरी जांच जरूर करें।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें