स्वदेश प्रेम, रमजान अली गोंडा।
मंगलवार को मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध बाबू ईश्वर शरण अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल की विभिन्न व्यवस्थाओं का गहनता से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
आयुक्त ने सबसे पहले इमरजेंसी वार्ड, ओपीडी और अन्य वार्डों की साफ-सफाई व्यवस्था की जांच की। उन्होंने मरीजों के बेड पर बिछी चादरों की स्थिति देखी और निर्देश दिया कि सभी मरीजों को स्वच्छ और नियमित रूप से बदली जाने वाली चादरें उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही सभी वार्डों में लगे कूलरों को क्रियाशील रखने और अस्पताल परिसर की साफ-सफाई और बेहतर करने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान वेंटिलेटर मशीनों की स्थिति भी जांची गई। कुछ वेंटिलेटर खराब मिलने पर आयुक्त ने नाराजगी जताई और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (सीएमएस) को सख्त निर्देश दिए कि सभी खराब वेंटिलेटर को तत्काल दुरुस्त कराया जाए, ताकि गंभीर मरीजों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
इसके अलावा उन्होंने अस्पताल में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल में सभी मूलभूत सुविधाएं आसानी से मिलनी चाहिए।
मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने स्पष्ट कहा कि मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिया कि व्यवस्थाओं में सुधार लाते हुए संवेदनशीलता के साथ कार्य करें।
