दिनांक: 06 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
द्वारका जिला पुलिस ने नशे के खिलाफ चल रहे अभियान के तहत बाबा हरिदास नगर इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग माफिया के ठिकानों पर बुलडोजर चलवाया। एमसीडी और पुलिस की संयुक्त टीम ने भारी सुरक्षा के बीच अवैध निर्माण और कब्जों को हटाकर नशे के नेटवर्क को करारा झटका दिया।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत की गई, जिसका उद्देश्य ड्रग तस्करी के पूरे ढांचे को खत्म करना है। कार्रवाई के दौरान इंद्रा मार्केट, नजफगढ़ स्थित तेल मिल वाली गली और ट्रांसफॉर्मर वाली गली में अवैध प्लेटफॉर्म और निर्माण को ध्वस्त किया गया।
जांच में सामने आया कि ये अवैध निर्माण लंबे समय से नशा तस्करों के अड्डे बने हुए थे, जहां से शाम के समय ड्रग्स की सप्लाई की जाती थी। खास तौर पर घरों के बाहर बनाए गए प्लेटफॉर्म और खिड़कियों को ‘काउंटर’ की तरह इस्तेमाल कर नशीले पदार्थ बेचे जा रहे थे।
पुलिस ने बताया कि जिन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई, उनमें कई आरोपी पहले से एनडीपीएस और आबकारी अधिनियम के मामलों में शामिल रहे हैं। इनमें राजेंद्र, अनीता, सावित्री, मूर्ति और सुभाष जैसे नाम शामिल हैं, जिन पर कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
इस पूरे ऑपरेशन में बड़ी संख्या में पुलिस बल, खासकर महिला पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया था, ताकि किसी भी विरोध की स्थिति को नियंत्रित किया जा सके।
द्वारका पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी और नशे के कारोबार से जुड़े हर व्यक्ति और उसके नेटवर्क को खत्म किया जाएगा। यह कदम इलाके को नशामुक्त बनाने और सार्वजनिक स्थानों को अपराध मुक्त करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।
