दिल्ली

महिला सशक्तिकरण को नई उड़ान: लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन–डीएचएल की ऐतिहासिक पहल

शेयर करें:
Spread the love

24 हजार महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़ा कदम

डिजिटल साक्षरता से उद्यमिता तक, कर्तव्यनिष्ठ महिलाओं का भव्य सम्मान

स्वदेश प्रेम | शान मोहम्मद सिद्दीकी

नई दिल्ली, 19 दिसंबर 2025।
महिला सशक्तिकरण को मजबूती प्रदान करने की दिशा में लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन (एलएलएफ) एवं डीएचएल के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी दिल्ली स्थित क्राउन प्लाज़ा होटल में एक भव्य पुरस्कार एवं प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से आई महिलाओं को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के दौरान महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण, रोजगार, उद्यमिता विकास, डिजिटल साक्षरता तथा आजीविका से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी दी गई। लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन द्वारा संचालित इस पहल के अंतर्गत बीते एक वर्ष में लगभग 24,000 महिलाओं को प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया गया है।

कार्यक्रम में उपस्थित गणमान्य अतिथियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए तथा पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। वक्ताओं ने महिलाओं से आह्वान किया कि वे स्वयं का व्यवसाय शुरू करें, डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करें और आर्थिक रूप से सशक्त बनें।

इस अवसर पर लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन की वाइस प्रेसिडेंट सुश्री उर्मिला जोशी ने कहा कि जब महिलाओं को सही मार्गदर्शन, प्रशिक्षण और अवसर दिए जाते हैं, तो वे न केवल अपने परिवार बल्कि समाज और राष्ट्र के विकास में भी अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण देश के समग्र विकास की नींव है।

कार्यक्रम के दौरान कई लाभार्थी महिलाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस प्रशिक्षण कार्यक्रम से उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों की महिलाओं, गृहिणियों, सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, छात्राओं तथा वंचित वर्ग की महिलाओं को सशक्त बनाना रहा। कार्यक्रम में विशेष रूप से डिजिटल जागरूकता, मानसिक सशक्तिकरण, व्यवसाय विकास और वित्तीय सहयोग पर जोर दिया गया।

यह आयोजन लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन की प्रोग्राम हेड सुश्री सनम शेख के कुशल नेतृत्व एवं टीम सदस्य सुश्री शबाना सुल्ताना (असिस्टेंट मैनेजर) के समर्पित प्रयासों से सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का वातावरण उत्साहपूर्ण और प्रेरणादायक रहा, जिसकी उपस्थितजनों ने सराहना की।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में लर्निंग लिंक्स फाउंडेशन एवं डीएचएल की यह पहल समाज के लिए एक सकारात्मक और प्रेरणादायक संदेश के रूप में सामने आई है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें