स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
दिनांक: 05 अप्रैल 2026, रविवार
नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय सप्लायर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 2700 क्वार्टर (54 पेटी) अवैध शराब और एक मारुति वैगन-आर कार बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल तस्करी में किया जा रहा था।
स्पेशल स्टाफ की टीम ने रचा जाल
डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह के निर्देश पर स्पेशल स्टाफ की टीम को अवैध शराब की सप्लाई पर रोक लगाने के लिए विशेष रूप से सक्रिय किया गया था। इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम—जिसमें हेड कांस्टेबल प्रदीप, जगदीश, नरेश, राजेश और कांस्टेबल जय भगवान शामिल थे—ने दिल्ली-हरियाणा बॉर्डर पर कड़ी निगरानी शुरू की।
टीम ने संदिग्ध वाहनों पर नजर रखने के साथ-साथ गुप्त सूत्रों को भी सक्रिय किया और विभिन्न एंट्री पॉइंट्स पर जाल बिछाया।
सूचना पर घेराबंदी, फिल्मी अंदाज में गिरफ्तारी
30 मार्च 2026 की सुबह तड़के हेड कांस्टेबल प्रदीप को सूचना मिली कि दीपक नाम का एक सप्लायर भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर द्वारका आएगा। सूचना के आधार पर सेक्टर-10 इलाके में ट्रैप लगाया गया।
जैसे ही संदिग्ध वैगन-आर कार को रुकने का इशारा किया गया, चालक ने गाड़ी भगाने की कोशिश की। पुलिस टीम ने तुरंत पीछा कर रामलीला ग्राउंड, सेक्टर-10 के पास आरोपी को पकड़ लिया।
2700 क्वार्टर अवैध शराब बरामद
गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 54 पेटियों में भरी 2700 क्वार्टर अवैध देसी शराब बरामद हुई, जिस पर “हरियाणा में बिक्री हेतु” अंकित था। पुलिस ने मौके पर ही कार को जब्त कर लिया।
इस संबंध में थाना द्वारका साउथ में एफआईआर नंबर 68/2026 के तहत दिल्ली आबकारी अधिनियम की धाराओं 33/38/58(डी) में मामला दर्ज किया गया है।
आसान पैसे के लालच में बना तस्कर
गिरफ्तार आरोपी की पहचान दीपक (उम्र 32 वर्ष), निवासी राज नगर, पालम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया कि वह पहले ड्राइवर का काम करता था, लेकिन बुरी आदतों के कारण नौकरी छूट गई। बाद में उसने जल्दी पैसे कमाने के लालच में अवैध शराब की तस्करी शुरू कर दी।
पहले भी दर्ज है मामला
पुलिस के अनुसार, आरोपी पहले भी दिल्ली आबकारी अधिनियम के एक मामले में शामिल रह चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अभियान रहेगा जारी
द्वारका पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत नशा और अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी, ताकि समाज को इस बुराई से मुक्त किया जा सके।
