दिल्ली

द्वारका पुलिस का बड़ा एक्शन: 36 मामलों में शामिल शराब तस्कर गिरफ्तार, 1750 क्वार्टर अवैध शराब बरामद

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
द्वारका जिले की एंटी नारकोटिक्स सेल ने अवैध शराब तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 मामलों में शामिल एक आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से भारी मात्रा में अवैध शराब और सप्लाई में इस्तेमाल की जा रही एक वैगन-आर कार बरामद की गई है।

पुलिस के मुताबिक, “नशे पर लगाम, देश को सलाम” अभियान के तहत अवैध शराब और नशे के कारोबारियों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में एंटी नारकोटिक्स सेल को सूचना मिली थी कि कुख्यात शराब सप्लायर रवि कुमार उर्फ पव्वा बहादुरगढ़ की तरफ से दिल्ली में शराब सप्लाई करने आने वाला है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने यूईआर-2 रोड पर जाल बिछाया और सफेद रंग की वैगन-आर कार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की, लेकिन टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

तलाशी के दौरान कार से 1750 क्वार्टर अवैध शराब बरामद हुई। जांच में सामने आया कि आरोपी यह शराब उत्तम नगर इलाके में सप्लाई करने जा रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रवि कुमार उर्फ पव्वा (56 वर्ष), निवासी सुल्तानपुरी, दिल्ली के रूप में हुई है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपी पहले से दिल्ली आबकारी अधिनियम के 36 मामलों में शामिल रह चुका है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ नजफगढ़ थाने में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। साथ ही शराब सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें