दिनांक: 08 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद
नई दिल्ली।
सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट के थाना डीबीजी रोड पुलिस ने वाहन चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो ऑटो लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई इलेक्ट्रिक स्कूटी भी बरामद कर ली है।
पुलिस के मुताबिक, 17 अप्रैल 2026 को एक शिकायत मिली थी कि पीपी ज्वेलर्स के सामने स्थित जेप्टो स्टोर के पास से रात के समय एक इलेक्ट्रिक स्कूटी चोरी हो गई। मामले में थाना डीबीजी रोड में केस दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी निगरानी और स्थानीय मुखबिरों की मदद से दो संदिग्धों की पहचान की गई।
पुलिस को पता चला कि आरोपी अपने किराए के ठिकानों से फरार हैं। मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के जरिए उनकी लोकेशन मथुरा तक पहुंची। इसी बीच 3 मई को सूचना मिली कि एक आरोपी चोरी की स्कूटी के साथ सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन के पास मौजूद है। पुलिस ने तुरंत छापा मारकर आरोपी को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया।
इसके बाद दूसरे आरोपी को भी 5 मई को मथुरा के जय गुरु मंडी इलाके से पकड़ लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार उर्फ सूर्या (19 वर्ष) निवासी झंडेवालान, करोल बाग और अजनेश (26 वर्ष) निवासी मथुरा, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
पूछताछ में दोनों ने खुलासा किया कि वे जेप्टो में डिलीवरी बॉय का काम करते थे। उन्होंने 15 अप्रैल की रात स्कूटी चोरी की थी और उसे सराय रोहिल्ला रेलवे स्टेशन की पार्किंग में छिपाकर रखा था। आरोपियों का इरादा बिना नंबर प्लेट वाली इस स्कूटी का इस्तेमाल दूसरे जेप्टो स्टोर में डिलीवरी के लिए करने का था।
फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
