दिनांक: 18.04.2026 (शनिवार)
(स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी)
नई दिल्ली। ईस्ट डिस्ट्रिक्ट के साइबर पुलिस स्टेशन ने एक शातिर साइबर ठग को गिरफ्तार किया है, जो खुद को Paytm और PhonePe का कर्मचारी बताकर दुकानदारों को निशाना बनाता था। आरोपी सिम-स्वैप फ्रॉड के जरिए लोगों के बैंक खातों से ठगी करता था।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में त्वरित वित्तीय और तकनीकी जांच के चलते आरोपी की पहचान कर उसे Ghaziabad से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से कई इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और बैंकिंग से जुड़े उपकरण बरामद किए गए हैं।
जांच में सामने आया है कि आरोपी दुकानदारों को कॉल कर खुद को डिजिटल पेमेंट कंपनी का कर्मचारी बताता था और सिम-स्वैप प्रक्रिया के जरिए उनके मोबाइल नंबर पर नियंत्रण हासिल कर लेता था। इसके बाद वह बैंक खातों तक पहुंच बनाकर धोखाधड़ी को अंजाम देता था।
पुलिस का कहना है कि आरोपी के अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है और जल्द ही इस गिरोह से जुड़े और लोगों की गिरफ्तारी संभव है।
