दिल्ली

ईस्ट डिस्ट्रिक्ट साइबर पुलिस का बड़ा खुलासा: ऑनलाइन इन्वेस्टमेंट फ्रॉड रैकेट का भंडाफोड़, 5 आरोपी गिरफ्तार

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 05 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
पूर्वी दिल्ली की साइबर पुलिस ने ऑनलाइन निवेश और टास्क-बेस्ड फ्रॉड से जुड़े एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह देशभर में लोगों को झांसा देकर ठगी कर रहा था और इसके तार उत्तराखंड के उधम सिंह नगर से जुड़े पाए गए।

पुलिस के अनुसार, शिकायतकर्ता को व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए ऑनलाइन कमाई और निवेश का लालच दिया गया था। झूठे वादों के जरिए उससे अलग-अलग ट्रांजैक्शन में करीब 1 लाख रुपये से अधिक की ठगी की गई। मामले की शिकायत नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर दर्ज होने के बाद जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने बैंक खातों, केवाईसी डिटेल्स और डिजिटल ट्रांजैक्शन का विश्लेषण किया। इससे पता चला कि ठगी की रकम का बड़ा हिस्सा उत्तराखंड में संचालित कुछ खातों में ट्रांसफर किया गया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने उत्तराखंड में छापेमारी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी साइबर ठगों को “म्यूल अकाउंट” उपलब्ध कराते थे, जिनके जरिए ठगी की रकम को अलग-अलग खातों में ट्रांसफर कर छिपाया जाता था।

गिरफ्तार आरोपियों में राज बच्छर, समीर बच्छर, रोहित रे, रोहित मिस्त्री और हरीश सरकार शामिल हैं। ये सभी कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते या अन्य लोगों के खाते साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराते थे।

पुलिस ने आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल इस पूरे नेटवर्क को संचालित करने में किया जा रहा था। जांच में अब तक करीब 3.40 लाख रुपये से अधिक की ठगी के मामलों का लिंक सामने आया है।

पुलिस का कहना है कि गिरोह के अन्य सदस्यों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।

पुलिस की अपील:
साइबर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी ऑनलाइन निवेश, टास्क या कमाई के ऑफर पर भरोसा करने से पहले उसकी पूरी जांच करें। अनजान लोगों या खातों में पैसे ट्रांसफर करने से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत रिपोर्ट cybercrime.gov.in या हेल्पलाइन नंबर 1930 पर करें।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें