दिल्ली

जाफराबाद में निर्माण कार्य के नाम पर लापरवाही, गली नंबर 2 की जनता में आक्रोश

शेयर करें:
Spread the love

स्वदेश प्रेम / दिल्ली

रिपोर्टर – समरीन सैय्यद

दिल्ली। जाफराबाद के चौहान बागर क्षेत्र की गली नंबर 2, जिसे आमतौर पर कल्याण वाली गली के नाम से जाना जाता है, इन दिनों निर्माण कार्य में हो रही घोर लापरवाही को लेकर सुर्खियों में है। क्षेत्र में चल रहे पाइपलाइन बिछाने के कार्य को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी जा रही है।

स्थानीय निवासियों का आरोप है कि इस गली के लिए दो फीट चौड़ा पाइप स्वीकृत किया गया था, लेकिन मौके पर महज़ एक फीट का पाइप बिछाया जा रहा है। यह कार्य नवनियुक्त विधायक जुबेर चौधरी की निगरानी में हो रहा है, जिससे लोगों में गहरी असंतुष्टि है। उनका कहना है कि घनी आबादी वाली इस गली में एक फीट का पाइप जल निकासी की जरूरतों को पूरा नहीं कर पाएगा और आने वाले समय में भारी जलभराव और गंदगी की समस्या पैदा होगी।

लोगों ने बताया कि जब उन्होंने काम में हो रही अनियमितता पर सवाल उठाने की कोशिश की, तो मौके पर मौजूद ठेकेदार और मजदूर वहां से चले गए। यहां तक कि जो लोग काम की निगरानी कर रहे थे, वे भी सवालों से बचते नजर आए और जल्द ही मौके से गायब हो गए।

गली के लोगों का कहना है कि यह मामला केवल निर्माण की अनियमितता का नहीं, बल्कि जनता के साथ धोखाधड़ी जैसा है। उनका साफ कहना है कि अगर दो फीट का पाइप पास हुआ है, तो आधे साइज का पाइप बिछाकर जनता की सुविधाओं से खिलवाड़ क्यों किया जा रहा है?

स्थानीय जनता ने प्रशासन से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और जिस पाइप का पास होना दिखाया गया है, उसी के अनुसार कार्य कराया जाए। आखिर कब तक ये घोटाले होंगे जनता को इंसाफ मिलना चाहिए जनता ने यह भी चेतावनी दी है कि अगर इस लापरवाही को जल्द सुधारा नहीं गया, तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें