यूपी ब्रेकिंग

जनसुनवाई में दिखी संवेदनशील प्रशासन की मिसाल: जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने दिव्यांग को मौके पर ही दिलाई ट्राईसाइकिल

शेयर करें:

शिकायत सुनते ही तत्काल कार्रवाई, पेंशन व अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ शीघ्र दिलाने के दिए निर्देश

स्वदेश प्रेम,रमजान अली।गोण्डा

गोण्डा। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनता दर्शन एवं जनसुनवाई कार्यक्रम के दौरान मंगलवार को संवेदनशील प्रशासन की एक प्रेरणादायक तस्वीर देखने को मिली। अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे दिव्यांग शिकायतकर्ता रामसरन पुत्र बड़कऊ, निवासी ग्राम गंगा पण्डरी, विकासखंड इटियाथोक, की व्यथा सुनते ही जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने मानवीय संवेदनशीलता और त्वरित निर्णय क्षमता का परिचय दिया।
जनसुनवाई के दौरान जैसे ही जिलाधिकारी की नजर दिव्यांग रामसरन पर पड़ी, वह स्वयं अपने कार्यालय कक्ष से बाहर आकर उनसे मिलीं और उनकी समस्याओं को गंभीरता व आत्मीयता के साथ सुना। रामसरन ने आवागमन में हो रही कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए ट्राईसाइकिल की आवश्यकता बताई।
जिलाधिकारी ने बिना किसी विलंब के संबंधित विभाग के अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए। उनकी तत्परता का परिणाम यह रहा कि कलेक्ट्रेट परिसर में ही रामसरन को तत्काल ट्राईसाइकिल उपलब्ध करा दी गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र दिव्यांग को दिव्यांग पेंशन सहित अन्य सभी सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है कि प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों एवं अन्य पात्र लाभार्थियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी जरूरतमंद को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी की इस संवेदनशील और मानवीय पहल की उपस्थित लोगों ने मुक्तकंठ से सराहना की। लोगों का कहना था कि प्रशासन की ऐसी तत्परता आमजन का विश्वास मजबूत करती है और जरूरतमंदों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करती है।
इस अवसर पर जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी सुश्री माधवी पाण्डेय तथा विभागीय कर्मचारी वसीम अहमद सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें