जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में योजनाओं की गहन समीक्षा, सभी सीएचसी पर डॉक्टरों की फोटोयुक्त सूची चस्पा करने, टीकाकरण, आयुष्मान कार्ड और संस्थागत प्रसव बढ़ाने के निर्देश
स्वदेश प्रेम, रमजान अली।गोण्डा
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के अंतर्गत संचालित सभी स्वास्थ्य योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सभी अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में यूपीएचएमआईएस हेल्थ डैशबोर्ड, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, परिवार कल्याण, जननी सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नियमित टीकाकरण, हाई रिस्क प्रेग्नेंसी, आशा प्रोत्साहन राशि, ओपीडी-आईपीडी, बेड ऑक्यूपेंसी, एनसीडी, राष्ट्रीय कुष्ठ नियंत्रण कार्यक्रम, राष्ट्रीय अंधता एवं दृष्टिबाधिता नियंत्रण कार्यक्रम, आरसीएच पोर्टल फीडिंग तथा राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम सहित विभिन्न योजनाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अधीक्षकों को निर्देश दिए कि प्रत्येक योजना की नियमित समीक्षा स्वयं करें तथा अधीनस्थ कर्मचारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करें, जिससे सभी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन समयबद्ध ढंग से हो सके।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि सभी सीएचसी एवं पीएचसी पर चिकित्सकों की फोटो सहित नामावली अनिवार्य रूप से चस्पा की जाए, ताकि मरीजों को ड्यूटी पर तैनात चिकित्सकों की स्पष्ट जानकारी मिल सके। उन्होंने सभी अधीक्षकों को अपने-अपने केंद्रों पर निवास करने तथा संस्थागत प्रसव एवं नियमित टीकाकरण को प्राथमिकता देने के निर्देश भी दिए।
बैठक में आयुष्मान भारत योजना की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने करनैलगंज एवं परसपुर क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए। साथ ही बाहरी एवं मृतक व्यक्तियों का सत्यापन कर अभिलेखों को अद्यतन रखने पर भी जोर दिया।
उन्होंने कहा कि ई-कवच पोर्टल को नियमित रूप से अपडेट किया जाए तथा सभी उपकेंद्रों पर एएनएम की उपस्थिति सुनिश्चित हो, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को समय पर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें। सीएचओ की प्रतिदिन उपस्थिति की निगरानी लाइव लोकेशन के माध्यम से किए जाने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी को दिए गए।
टीकाकरण अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जिलाधिकारी ने सभी सीएचसी अधीक्षकों को स्वयं क्षेत्र में जाकर टीकाकरण स्थलों का निरीक्षण करने तथा अधिक से अधिक बच्चों और गर्भवती महिलाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को जनपद के सभी विद्यालयों में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही सभी सीएचसी अधीक्षकों को प्रत्येक माह कम से कम छह क्षेत्रीय भ्रमण कर निर्धारित चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण रिपोर्ट सीएमओ कार्यालय में उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संत लाल पटेल, एसीएमओ डॉ. आदित्य वर्मा, डॉ. सी.के. वर्मा, डॉ. आर.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक अमरनाथ, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, डब्ल्यूएचओ एवं यूनिसेफ के प्रतिनिधियों सहित सभी सीएचसी अधीक्षक एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
