यूपी ब्रेकिंग

गोण्डा में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भरता की बड़ी सौगात, 709 लाभार्थियों को मिले 1030 आधुनिक सहायक उपकरण

शेयर करें:

केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने किया वितरण, बोले— कोई भी पात्र दिव्यांग योजना के लाभ से नहीं रहेगा वंचित, छूटे लाभार्थियों को अगले शिविर में मिलेगी प्राथमिकता

स्वदेश प्रेम
रमजान अली,गोण्डा

दिव्यांगजनों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और सशक्तिकरण की दिशा में शनिवार को गोण्डा में एक महत्वपूर्ण पहल देखने को मिली। भारत सरकार के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय की एडीआईपी (ADIP) योजना के तहत स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय, गोण्डा के ऑडिटोरियम में एलिम्को द्वारा आयोजित सामाजिक अधिकारिता शिविर में जनपद के 709 दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप 1030 आधुनिक सहायक उपकरण निःशुल्क वितरित किए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता गोण्डा के सांसद एवं भारत सरकार के केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में केंद्र सरकार दिव्यांगजनों को सम्मानजनक, आत्मनिर्भर और सशक्त जीवन उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। देशभर में आयोजित हजारों एडीआईपी शिविरों के माध्यम से लाखों दिव्यांगजन आधुनिक सहायक उपकरण प्राप्त कर अपने जीवन को अधिक सुगम और आत्मविश्वासपूर्ण बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की सहायता केवल सरकारी दायित्व नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो पात्र लाभार्थी किसी कारणवश इस बार उपकरण प्राप्त नहीं कर सके हैं, उन्हें अगले वितरण शिविर में प्राथमिकता के आधार पर लाभान्वित किया जाए। इसके लिए जिलाधिकारी को छूटे हुए सभी पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन कर सूची तैयार कराने के निर्देश दिए, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति योजना के लाभ से वंचित न रहे।
केंद्रीय राज्य मंत्री ने यह भी बताया कि दिव्यांगजनों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ एक ही पहचान के माध्यम से आसानी से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विशेष दिव्यांग कार्ड विकसित किए जाने की दिशा में भी कार्य किया जा रहा है।
शिविर में 233 मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, 335 ट्राईसाइकिल, 72 फोल्डिंग व्हीलचेयर, 326 बैसाखियां, 10 सीपी चेयर, 187 वॉकिंग स्टिक, 29 सुगम्य केन, 46 श्रवण यंत्र, 50 कुशन तकिए, एक एडीएल किट, चार टीएलएम किट, एक स्मार्टफोन, आठ रोलेटर तथा 55 फोल्डेबल वॉकर सहित कुल 1030 सहायक उपकरण वितरित किए गए। इन लाभार्थियों का परीक्षण जनवरी 2025 एवं मई 2026 में आयोजित विशेष परीक्षण शिविरों में किया गया था।
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि जनपद का कोई भी पात्र दिव्यांगजन शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि एलिम्को एवं संबंधित विभागों के समन्वय से पात्र लाभार्थियों का चिन्हांकन कर उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप उपकरण उपलब्ध कराए जा रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री के निर्देशों के क्रम में छूटे हुए पात्र दिव्यांगजनों का पुनः सर्वेक्षण कर सूची तैयार की जाएगी, ताकि आगामी शिविर में उन्हें भी योजना का लाभ मिल सके। साथ ही सभी विभागों को योजनाओं का लाभ पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पात्र व्यक्तियों तक पहुँचाने के निर्देश दिए गए हैं।
कार्यक्रम के समापन पर केंद्रीय राज्य मंत्री ने हरी झंडी दिखाकर मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक उपकरण प्राप्त करने वाले दिव्यांगजनों को रवाना किया और उनके उज्ज्वल, सम्मानजनक तथा आत्मनिर्भर भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सरकार द्वारा उपलब्ध कराए जा रहे आधुनिक सहायक उपकरण दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के साथ उन्हें आत्मविश्वास और स्वावलंबन की नई राह प्रदान कर रहे हैं।
कार्यक्रम का संचालन योगाचार्य अंजनी कुमार दूबे ने किया।
इस अवसर पर विधायक रमापति शास्त्री, विधायक प्रभात वर्मा, जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, भाजपा जिलाध्यक्ष, अपर जिलाधिकारी आलोक कुमार, उपजिलाधिकारी सदर, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी माधवी पाण्डेय, एलिम्को के अधिकारी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में दिव्यांगजन एवं उनके परिजन उपस्थित रहे।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें