स्वदेश प्रेम / मुकेश राणा
नई दिल्ली: दिल्ली के मुंडका स्थित पवन गंगा एग्जाम सेंटर में परीक्षा देने आने वाले छात्रों और अभिभावकों से पार्किंग के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। टू-व्हीलर के लिए ₹20 और फोर-व्हीलर के लिए ₹50 जबरन वसूले जा रहे हैं। गेट पर एंट्री के समय ही पार्किंग की अवैध रसीदें थमा दी जाती हैं, और जो छात्र पैसे देने से मना करते हैं, उन्हें अंदर जाने में परेशान किया जाता है।
नगर निगम के नियमों की खुली धज्जियां
दिल्ली नगर निगम के नियमों के अनुसार, वैध पार्किंग का आवंटन टेंडर प्रक्रिया के तहत किया जाता है, लेकिन इस एग्जाम सेंटर पर बिना किसी आधिकारिक अनुमति के पार्किंग शुल्क वसूला जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, यह सेंटर आप पार्टी के एक बड़े नेता से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके चलते नगर निगम और लोकल पुलिस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं।
छात्रों और सरकार को नुकसान
अवैध पार्किंग वसूली न केवल परीक्षा देने आए छात्रों और उनके परिजनों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है, बल्कि इससे दिल्ली नगर निगम को भी भारी आर्थिक नुकसान हो रहा है। छात्रों और अभिभावकों ने प्रशासन से इस अवैध वसूली पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। अब देखना होगा कि नगर निगम और दिल्ली पुलिस इस मामले पर क्या कदम उठाते हैं।
