गोंडा में पुलिस मुठभेड़ : शातिर हत्यारोपी सनी सिंह गिरफ्तार, गोली लगने से घायल
1 min read
स्वदेश प्रेम ब्यूरो, उत्तर प्रदेश | रमज़ान अली
गोंडा।
जिले में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कोतवाली देहात पुलिस और एसओजी टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस और अपराधी के बीच मुठभेड़ के दौरान शातिर हत्यारोपी सनी सिंह पुत्र जसवंत सिंह निवासी सकरौरा थाना मटेरा जनपद बहराइच को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी है। घायल अभियुक्त को उपचार के लिए जिला अस्पताल गोंडा में भर्ती कराया गया है।
घटना का विवरण
22 अगस्त 2025 को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम पूरे ललक में 18 वर्षीय युवती का शव धान के खेत में मिलने से सनसनी फैल गई थी। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक गोंडा श्री विनीत जायसवाल ने तत्काल जांच के आदेश दिए और अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री मनोज कुमार रावत के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर श्री आनंद कुमार राय के नेतृत्व में 4 पुलिस टीमों का गठन किया गया। साथ ही एसओजी और सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।
मुखबिर की सूचना पर घिरा आरोपी
24 अगस्त 2025 को थाना कोतवाली देहात और एसओजी की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि युवती की हत्या में शामिल आरोपी सनी सिंह बिना नम्बर प्लेट की मोटरसाइकिल से पूरे उदई की ओर आ रहा है। सूचना पर तत्काल घेराबंदी की गई। पुलिस को देख आरोपी ने बचने के लिए फायरिंग शुरू कर दी, जिस पर आत्मरक्षार्थ पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें आरोपी सनी सिंह के पैर में गोली लगी और वह धर दबोचा गया।
बरामदगी
गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से पुलिस ने
• 01 अदद अवैध तमंचा (315 बोर)
• 01 अदद जिंदा कारतूस व 01 खोखा कारतूस
• 01 बिना नम्बर प्लेट की प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की है।
आगे की कार्रवाई
गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली देहात में सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधीक्षक गोंडा ने इसे अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है।
