अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस की पूर्व संध्या पर गोंडा में चला नशा मुक्ति अभियान
1 min read
लोकगीतों और रंगारंग प्रस्तुतियों के माध्यम से दिया गया जागरूकता का संदेश
✍🏻 स्वदेश प्रेम ब्यूरो, उत्तर प्रदेश – रामज़ान अली
गोंडा। अंतर्राष्ट्रीय मादक पदार्थ विरोधी दिवस की पूर्व संध्या पर जनपद गोंडा के झंझरी ब्लॉक स्थित आबकारी गोदाम परिसर में बुधवार को एक विशेष नशा मुक्ति प्रचार व शिक्षात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं आम जनता को नशे की लत के दुष्परिणामों से अवगत कराना और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाना था।
कार्यक्रम में श्रावस्ती जनपद के राग-रागिनी कला मंच के लोक कलाकारों ने गीतों और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से नशे से होने वाले सामाजिक, मानसिक व शारीरिक नुकसान को प्रभावशाली रूप से प्रस्तुत किया। रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह को सोचने पर मजबूर कर दिया और उन्हें नशा त्यागने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला आबकारी अधिकारी द्वारा उपस्थित जनसमूह को नशा मुक्त जीवन जीने की शपथ भी दिलाई गई। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम में जिला मद्य निषेध अधिकारी आलोक तिवारी, आबकारी निरीक्षक वंदना केसरवानी (क्षेत्र-1), अभिषेक मिश्रा, राशिद खान और शिवलाल मौर्य सहित कई अधिकारी एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति को ही नहीं, उसके परिवार और समाज को भी गहरी चोट पहुंचाता है। इस सामाजिक बुराई के विरुद्ध चलाए जा रहे इस अभियान में सभी को भागीदार बनना चाहिए।
स्वदेश प्रेम समाचार पत्र इस पुनीत पहल का स्वागत करता है और समाज के प्रत्येक वर्ग से नशा मुक्ति की इस मुहिम को जन आंदोलन बनाने की अपील करता है।
