दिल्ली के मौजपुर चौक पर उठा लोकतंत्र की रक्षा का बिगुल, युवाओं ने दिया न्याय का संदेश
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
दिल्ली। उत्तर पूर्वी दिल्ली के मौजपुर चौक (बाबरपुर जिला) में बुधवार को “आई लव अंबेडकर” मार्च का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें संविधान की रक्षा और न्यायपालिका की स्वतंत्रता के समर्थन में लोगों ने एकजुट होकर आवाज़ बुलंद की। यह मार्च दलितों, वंचितों और शोषित वर्ग के खिलाफ हो रहे अत्याचारों तथा हाल ही में सुप्रीम कोर्ट और मुख्य न्यायाधीश (CJI) पर हो रहे हमलों के विरोध में निकाला गया।
मार्च में इंडियन यूथ कांग्रेस (IYC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु जी ने कहा कि “संविधान और न्यायपालिका पर हमला, लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार है। बाबा साहब अंबेडकर के विचार आज भी देश की असली ताकत हैं और इन्हें कमजोर करने की हर कोशिश का डटकर विरोध किया जाएगा।”_
वहीं राज कुमार जैन, जिला अध्यक्ष (बाबरपुर) ने कहा कि “जब तक समाज में अन्याय रहेगा, तब तक हमारी आवाज़ सड़कों पर गूंजती रहेगी। संविधान बचाने की यह लड़ाई हर नागरिक की जिम्मेदारी है।”
मार्च में बड़ी संख्या में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और महिला संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। “जय भीम”, “संविधान बचाओ – देश बचाओ” और “न्याय चाहिए, समानता चाहिए” जैसे नारों से पूरा मौजपुर चौक गूंज उठा।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और अंत में संविधान की मर्यादा एवं सामाजिक समानता बनाए रखने का संकल्प लिया गया।
