March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

मकर संक्रांति पर भी ठंड का कहर, दिल्ली-NCR में शीतलहर से जनजीवन प्रभावित

1 min read
Spread the love

नई दिल्ली।
मकर संक्रांति के पावन पर्व पर भी दिल्ली-एनसीआर के लोगों को भीषण ठंड से राहत नहीं मिल सकी। मंगलवार को राजधानी दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम समेत पूरे एनसीआर में शीतलहर के साथ गलन ने लोगों को कंपकंपाने पर मजबूर कर दिया। न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे सुबह और रात के समय ठंड का असर और भी ज्यादा महसूस हुआ।

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, राजस्थान, झारखंड और ओडिशा में अगले 2 से 3 दिनों तक भयंकर से अत्यधिक शीतलहर का प्रकोप बना रह सकता है। उत्तर-पश्चिम भारत में कोहरे का असर अगले एक सप्ताह तक जारी रहने की संभावना है, जबकि बिहार में अगले पांच दिन और ओडिशा में 2-3 दिन घने कोहरे की चेतावनी दी गई है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में अगले दो दिनों तक शीत दिवस (Cold Day) की स्थिति बनी रह सकती है। वहीं उत्तराखंड के कई इलाकों में पाला पड़ने की भी आशंका जताई गई है, जिससे फसलों को नुकसान हो सकता है।

दक्षिण भारत में हालांकि मौसम कुछ राहत भरा रहने की संभावना है। उत्तर-पूर्व मॉनसून के कमजोर पड़ने से तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र और दक्षिण कर्नाटक में बारिश का सिलसिला धीरे-धीरे थम सकता है।

मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में 15 जनवरी के बाद मौसम में धीरे-धीरे सुधार देखने को मिल सकता है। अगले पांच से छह दिनों में न्यूनतम तापमान 5 से 8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। फिलहाल लोगों को ठंड से बचाव के लिए सावधानी बरतने और अनावश्यक रूप से सुबह-शाम बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.