स्वदेश प्रेम, रमजान अली गोंडा।
जनपद गोण्डा में आयोजित यूपी होमगार्ड भर्ती 2025 की लिखित परीक्षा को पूर्णतः नकलविहीन, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक, देवीपाटन परिक्षेत्र, श्री अमित पाठक ने दिनांक 26 अप्रैल 2026 (प्रथम पाली) के दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में आईजी श्री पाठक ने राजकीय बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा, श्री गांधी विद्यालय इंटर कॉलेज गोण्डा एवं कस्तूरबा बालिका इंटर कॉलेज गोण्डा का दौरा किया। उन्होंने केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, अभ्यर्थियों के बैठने की सुव्यवस्थित व्यवस्था, प्रश्नपत्र वितरण प्रणाली तथा परीक्षा की निगरानी व्यवस्था को बारीकी से परखा।
निरीक्षण के दौरान सभी केंद्रों पर परीक्षा निर्धारित मानकों के अनुरूप शांतिपूर्ण, व्यवस्थित एवं पारदर्शी ढंग से संचालित होती पाई गई। आईजी श्री पाठक ने संबंधित अधिकारियों एवं केंद्र व्यवस्थापकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता हर स्थिति में बरकरार रखी जाए और किसी भी प्रकार की अनियमितता या नकल की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जाए।
उन्होंने यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि पूरी परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्षता के उच्चतम मानकों पर खरा उतरे, जिससे सभी अभ्यर्थियों को समान अवसर मिल सके।
प्रशासन द्वारा परीक्षा को सकुशल एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी गई हैं, जिससे अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो और परीक्षा का माहौल पूर्णतः अनुशासित एवं पारदर्शी बना रहे।
