दिनांक: 29.04.2026
रिपोर्ट: शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली: मोबाइल चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पूर्वी जिला की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (AATS) ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आदतन जेबकतरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से 05 चोरी के मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
सूचना, टीम एवं कार्रवाई :-
एएटीएस/पूर्वी जिला द्वारा क्षेत्र में मोबाइल चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में एक समर्पित टीम का गठन किया गया, जिसे सक्रिय जेबकतरों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का कार्य सौंपा गया। गुप्त सूत्रों को भी सक्रिय किया गया तथा तकनीकी निगरानी के माध्यम से सूचनाएं एकत्रित की गईं।
मोबाइल चोरी विरोधी अभियान के दौरान टीम को एक आदतन जेबकतरे की गतिविधियों के संबंध में पुख्ता सूचना प्राप्त हुई, जो कई मामलों में संलिप्त रहा है। सूचना के आधार पर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और आरोपी को सफलतापूर्वक गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ :-
पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुलासा किया कि वह पहले भी लगभग 15 आपराधिक मामलों में शामिल रहा है और लंबे समय से जेबकतरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। उसके कब्जे से बरामद 05 मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों से चोरी किए गए थे।
पुलिस द्वारा आरोपी के अन्य साथियों और नेटवर्क की भी जांच की जा रही है। मामले की आगे की जांच जारी है।
