251 खोये मोबाइल बरामद: गोंडा पुलिस ने लौटाई 51 लाख की खुशियां
स्वदेश प्रेम,रमजान अली गोंडा।
गोंडा। जनपदीय पुलिस एवं सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 251 खोये हुए मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को वापस सौंप दिए। इन मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत करीब ₹51 लाख बताई जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री विनीत जायसवाल के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी श्री अजीत कुमार रजक एवं अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी श्री राधेश्याम राय के पर्यवेक्षण में यह कार्यवाही की गई। सर्विलांस टीम ने सभी थानों के साथ समन्वय स्थापित कर भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की नियमित मॉनीटरिंग करते हुए विभिन्न कंपनियों—एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी और वन प्लस—के गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए।
बताया गया कि वर्ष 2025 में अब तक कुल 695 खोये मोबाइल फोन बरामद कर उनके मालिकों को सुपुर्द किए जा चुके हैं, जो पुलिस की सक्रियता का प्रमाण है।
थानों की अहम भूमिका
जनपद के विभिन्न थानों एवं सर्विलांस टीम के सहयोग से यह सफलता मिली, जिसमें कोतवाली नगर, देहात, तरबगंज, कर्नलगंज सहित अन्य थानों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
लोगों ने जताया आभार
अपने खोये मोबाइल वापस पाकर लोगों ने पुलिस प्रशासन की सराहना करते हुए धन्यवाद व्यक्त किया।
जनहित में अपील
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे “संचार सारथी” ऐप डाउनलोड करें और मोबाइल खोने की स्थिति में तुरंत सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। साथ ही मोबाइल की बिल, आईएमईआई नंबर और पहचान पत्र के साथ नजदीकी थाने में संपर्क करें।
इस उत्कृष्ट कार्य के लिए सर्विलांस टीम को पुरस्कृत करने की भी घोषणा की गई है।
