स्वदेशप्रेम / शान मोहम्मद
04 मई 2026
दिल्ली के द्वारका जिले की स्पेशल स्टाफ टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए डबल मर्डर केस में फरार चल रहे वांछित आरोपी को राजस्थान के ब्यावर से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को पहले ही द्वारका कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया जा चुका था।
जानकारी के अनुसार, 21 दिसंबर 2025 को उत्तम नगर के काली बस्ती इलाके में एक हिंसक हमला हुआ था, जिसमें निजामुद्दीन और मोहम्मद समीर पर चाकू से हमला किया गया था। इस हमले में निजामुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि समीर ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस संबंध में उत्तम नगर थाने में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों सुमित और निखिल को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था, लेकिन तीसरा आरोपी आकाश उर्फ अक्की फरार चल रहा था। लगातार प्रयासों और तकनीकी निगरानी के बाद पुलिस को 22 अप्रैल 2026 को सूचना मिली कि आरोपी राजस्थान के ब्यावर में छिपा हुआ है।
इसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसने स्थानीय मुखबिर की मदद से आरोपी को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर व्यक्तिगत रंजिश के चलते इस वारदात को अंजाम दिया था। वारदात के बाद वह गिरफ्तारी से बचने के लिए दिल्ली से भाग गया था और अलग-अलग मोबाइल नंबरों का इस्तेमाल कर संपर्क में बना हुआ था।
पुलिस के अनुसार आरोपी आकाश, उम्र 24 वर्ष, उत्तम नगर का निवासी है और उसने पांचवीं कक्षा तक पढ़ाई की है। वह पहले भी दिल्ली एक्साइज एक्ट के एक मामले में शामिल रहा है।
फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
