दिल्ली

सोशल मीडिया पर हथियार दिखाना पड़ा भारी: द्वारका पुलिस ने शातिर बदमाश को दबोचा

शेयर करें:
Spread the love

दिनांक: 05 मई 2026
स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद

नई दिल्ली।
द्वारका जिले में सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए एक सक्रिय बदमाश को गिरफ्तार किया है। एंटी-बर्गलरी सेल की टीम ने कार्रवाई करते हुए अमित उर्फ भोला नामक आरोपी को गिरफ्तार किया, जो इंस्टाग्राम पर हथियार लहराते हुए रील पोस्ट कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी थाना डाबरी का घोषित बदमाश (बीसी) है और उसे फरवरी 2026 में एक साल के लिए दिल्ली से बाहर किया गया था। इसके बावजूद वह आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय था। उसके खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास, लूट और आर्म्स एक्ट समेत 11 मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने सोशल मीडिया मॉनिटरिंग के दौरान एक इंस्टाग्राम अकाउंट पर हथियार के साथ वीडियो देखा। तकनीकी जांच और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान अमित उर्फ भोला के रूप में हुई, जो विजय एन्क्लेव, डाबरी इलाके का रहने वाला है।

सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने दादा देव अस्पताल के पास जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी चोरी की बाइक पर वहां पहुंचा, उसे घेरकर पकड़ लिया गया। भागने की कोशिश भी नाकाम कर दी गई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, दो महंगे चोरी के मोबाइल फोन और एक चोरी की पैशन मोटरसाइकिल बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में आ गया था और नशे की लत के चलते लगातार वारदातों को अंजाम देता रहा। वह हाल ही में जेल से छूटकर बाहर आया था।

पुलिस का कहना है कि उसकी गिरफ्तारी से चोरी और लूट के चार मामलों का भी खुलासा हुआ है। फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और पुलिस सोशल मीडिया पर अपराध का प्रचार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रखेगी।

आगे क्या पढ़ें AI

अपनी राय रखें