स्वदेश प्रेम / दिल्ली
शान मोहम्मद सिद्दीकी
नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए 8 साल से लापता एक लड़की को खोज निकाला और उसे उसके माता-पिता से मिलाया। यह सराहनीय कार्य हर्ष विहार थाना पुलिस की टीम ने किया, जिन्होंने अथक प्रयासों के बाद लड़की को कानपुर, उत्तर प्रदेश से बरामद किया।
2017 में हुई थी बच्ची की गुमशुदगी
जानकारी के अनुसार, 29 जनवरी 2017 को प्रेम शंकर, निवासी गली नंबर 29, हर्ष विहार, दिल्ली, ने अपनी 13 वर्षीय बेटी के लापता होने की शिकायत हर्ष विहार थाने में दर्ज कराई थी। इस पर धारा 363 आईपीसी के तहत मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी। हालांकि, पुलिस ने तब सभी संभावित प्रयास किए, लेकिन लड़की को ढूंढने में सफलता नहीं मिली।
8 साल बाद मिला सुराग
लड़की को खोजने के लिए पुलिस लगातार जांच में जुटी रही। इस दौरान हेड कांस्टेबल अंकित तोमर के निरंतर प्रयासों से एक महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगा। जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस को जानकारी मिली कि लापता लड़की कानपुर, उत्तर प्रदेश में मौजूद है। इस जानकारी के आधार पर 18 मार्च 2025 को दिल्ली पुलिस की टीम ने कानपुर जाकर लड़की को सफलतापूर्वक बरामद किया।
कानूनी प्रक्रिया के बाद परिजनों को सौंपी गई बच्ची
पुलिस ने लड़की को बरामद करने के बाद चिकित्सीय और कानूनी प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद चाइल्ड वेलफेयर कमेटी (CWC) दिलशाद गार्डन के निर्देशों पर लड़की को उसके पिता को सौंप दिया गया।
दिल्ली पुलिस का ‘ऑपरेशन मिलाप’ साबित हो रहा है कारगर
दिल्ली पुलिस द्वारा चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन मिलाप’ के तहत लापता बच्चों को उनके परिवारों से मिलाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में तेजी से कार्रवाई की जाएगी, ताकि कोई भी बच्चा अपने परिवार से दूर न रहे।
लड़की के परिवार ने दिल्ली पुलिस का आभार व्यक्त किया और कहा कि 8 साल बाद अपनी बेटी को पाकर उनकी जिंदगी में खुशियां लौट आई हैं।
