March 6, 2026

svadeshprem.com

My WordPress Blog

योगी राज में इंसाफ के लिए दर-दर भटक रही पीड़िता, मीटर कटवाकर प्रताड़ना का गंभीर आरोप

1 min read
Spread the love

 

फ्लैट सिक्योरिटी के नाम पर ₹2.50 लाख की कथित ठगी, धमकी और अश्लील हरकतों का दावा

साहिबाबाद (गाज़ियाबाद)।
थाना शालीमार गार्डन के अंतर्गत आने वाले क्षेत्र से महिला उत्पीड़न, धोखाधड़ी और दबाव बनाकर वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। ओ-ब्लॉक, गली नंबर-06 निवासी सना खान ने कुछ लोगों पर फ्लैट सिक्योरिटी के नाम पर ₹2.50 लाख की कथित ठगी करने तथा बाद में जानबूझकर उनके मकान का बिजली मीटर कटवाने का आरोप लगाया है, जिससे उनका परिवार अंधेरे में और भय के साए में जीवन यापन करने को मजबूर है।

पीड़िता के अनुसार, आरोपियों ने पहले सिक्योरिटी राशि लेकर उन्हें मकान उपलब्ध कराया, लेकिन मात्र दो माह के भीतर बिना किसी वैध कारण या पूर्व सूचना के उनका बिजली मीटर कटवा दिया गया। जब सना खान ने अपनी मेहनत की कमाई वापस मांगी तो आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और बाद में जान से मारने, मारपीट करने और झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकियां देने लगे।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि इसी दौरान कुछ आरोपियों द्वारा गलत नीयत से अश्लील हरकतें करने का प्रयास किया गया, जिसका उन्होंने साहसपूर्वक विरोध किया। इन घटनाओं से पीड़िता और उनका परिवार मानसिक रूप से टूट चुका है और भय के वातावरण में रहने को मजबूर है।

सना खान का कहना है कि पूरा मामला सुनियोजित साजिश के तहत दबाव बनाकर धन हड़पने का है। बिजली मीटर कटवाकर उन पर मानसिक व आर्थिक दबाव डाला गया ताकि वे अपनी राशि की मांग न कर सकें। पीड़िता ने थाना शालीमार गार्डन पुलिस सहित संबंधित विभागों को लिखित शिकायत सौंपते हुए धोखाधड़ी, धमकी, छेड़छाड़ एवं अन्य गंभीर धाराओं में आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

पीड़िता ने अपनी शिकायत के साथ फोटो व अन्य साक्ष्य भी संलग्न किए हैं और प्रशासन से अपने तथा अपने परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि यदि भविष्य में उन्हें या उनके पति को कोई नुकसान पहुंचता है तो इसके लिए आरोपी पूरी तरह जिम्मेदार होंगे।

इस घटना ने साहिबाबाद क्षेत्र में महिला सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना यह है कि योगी सरकार के “जीरो टॉलरेंस” के दावे के तहत थाना शालीमार गार्डन पुलिस इस मामले में कब तक ठोस कार्रवाई कर पीड़िता को न्याय दिलाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright © All rights reserved. | Newsphere by AF themes.