स्वदेश प्रेम / शान मोहम्मद सिद्दीकी
दिनांक: 13 अप्रैल 2026, रविवार
नई दिल्ली। द्वारका जिले के थाना सेक्टर-23 पुलिस ने शानदार कार्य करते हुए द्वारका एक्सप्रेसवे पर हुई ₹15 लाख की लूट की वारदात का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया और लूट की रकम में से ₹11,96,000 तथा एक मोबाइल फोन बरामद किया है, जो लूटी गई रकम से खरीदा गया था।
एक्सप्रेसवे पर हुई थी लूट
मामले के अनुसार, 6 अप्रैल 2026 को द्वारका एक्सप्रेसवे पर दिल्ली अपार्टमेंट्स, सेक्टर-22 के सामने ₹15 लाख की लूट की सूचना पीसीआर कॉल के माध्यम से थाना सेक्टर-23 को मिली। इसके बाद 9 अप्रैल को एफआईआर संख्या 96/2026, धारा 309(4)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
तकनीक और खुफिया तंत्र से मिली सफलता
जांच के दौरान इंस्पेक्टर बिजेंद्र छिल्लर के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई विनय, हेड कांस्टेबल शेर सिंह, हेड कांस्टेबल विक्की और कांस्टेबल राजेश शामिल थे। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल ट्रैकिंग और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।
तीनों आरोपी गिरफ्तार
सबसे पहले संदीप (29 वर्ष), निवासी हरि नगर को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथी संतोष मेहतो का नाम बताया, जिसे नांगलोई के एक होटल से गिरफ्तार किया गया। उसके पास से ₹10 लाख बरामद किए गए और लूटी गई रकम से खरीदा गया मोबाइल फोन भी जब्त किया गया।
इसके बाद तीसरे आरोपी सूरज सोनकर (23 वर्ष), निवासी सदर बाजार को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से ₹1,96,000 बरामद किए गए। साथ ही वारदात में इस्तेमाल स्कूटी की भी पहचान कर ली गई है।
24 घंटे में बड़ी बरामदगी
पुलिस की मुस्तैदी के चलते केस दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर ही बड़ी बरामदगी कर ली गई, जो पुलिस की तेज और प्रभावी कार्यशैली को दर्शाता है।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि इस वारदात में और कौन-कौन शामिल हो सकता है।
द्वारका पुलिस की इस कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि राजधानी में अपराध करने वालों के लिए बच निकलना आसान नहीं है।
