स्वदेश प्रेम – दिल्ली
मुख्य संपादक – शान मोहम्मद सिद्दीकी
3 लाख रुपये में बेचा गया था बच्चा, 4 आरोपी गिरफ्तार
500 से अधिक CCTV कैमरों की जांच के बाद पुलिस को मिली सफलता
खजूरी खास पुलिस की शानदार कार्रवाई, मासूम अपने परिवार से फिर मिला
स्वदेश प्रेम ब्यूरो, उत्तर पूर्वी दिल्ली
दिल्ली के खजूरी खास थाना पुलिस ने 02 वर्षीय मासूम के अपहरण की गुत्थी सुलझाते हुए उसे उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ से सकुशल बरामद कर परिजनों से मिलवा दिया। इस मामले में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं।
घटना का विवरण
दिनांक 10 फरवरी 2025 को खजूरी खास पुलिस स्टेशन में एक महिला ने शिकायत दर्ज कराई कि वह अपने 02 वर्षीय बेटे के साथ संडे मार्केट गई थी, लेकिन रास्ते में बच्चा अचानक लापता हो गया। परिवार ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इस पर धारा 137(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
CCTV कैमरों की जांच से खुला मामला
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर राकेश यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इस टीम में एसआई शिवम बिष्ट, हेड कांस्टेबल जयवीर, शुऐब, अमित, भूपेंद्र, प्रताप, कांस्टेबल अनुज, मुकेश और महिला कांस्टेबल निशा शामिल थे। एसीपी खजूरी खास, श्री विवेक त्यागी की देखरेख में यह टीम काम कर रही थी।
पुलिस ने 03 किलोमीटर के दायरे में 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज की जांच की और एक संदिग्ध व्यक्ति को बच्चे के साथ देखा गया। आगे की जांच में यह व्यक्ति एक महिला के साथ नजर आया। स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाने के लिए घर-घर तलाशी अभियान चलाया गया।
रेलवे स्टेशन से पकड़े गए आरोपी, बच्चे को बेचा गया था 3 लाख में
पुलिस ने शाहदरा रेलवे स्टेशन से नाहिद उर्फ साहिबा (32 वर्ष) और मोहम्मद रिज़वान (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने बच्चे के अपहरण की बात कबूल की और बताया कि उसे अलीगढ़ में 3 लाख रुपये में एक दंपत्ति को बेच दिया गया।
इसके बाद पुलिस ने अलीगढ़ में छापा मारकर 54 वर्षीय महिला चम्मो को गिरफ्तार किया और बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। पूछताछ में चम्मो ने बताया कि उसकी बेटी और दामाद ने यह बच्चा नाहिद और रिजवान से 3 लाख रुपये में गोद लिया था।
आगे की जांच में यह भी पता चला कि 50 वर्षीय शोकिन (निवासी सीलमपुर) नाहिद को जानता था और उसने अपनी भांजी के लिए एक बच्चा लाने की बात कही थी। बदले में पैसे मिलने की लालच में नाहिद ने इलाके में नजर रखी और पहली ही फुर्सत में इस मासूम को अगवा कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
1. नाहिद उर्फ साहिबा (32 वर्ष), निवासी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास
2. मोहम्मद रिजवान (25 वर्ष), निवासी श्रीराम कॉलोनी, खजूरी खास
3. शोकिन (50 वर्ष), निवासी सीलमपुर
4. चम्मो (54 वर्ष), निवासी चर्रा, अलीगढ़, उत्तर प्रदेश
मासूम की सुरक्षित वापसी, पुलिस की बड़ी सफलता
फिलहाल, पुलिस इस मामले की गहराई से जांच कर रही है कि क्या इस गिरोह ने पहले भी इस तरह के अपराध किए हैं और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है। पुलिस टीम के इस सराहनीय प्रयास से एक मासूम की जिंदगी बच गई और वह अपने परिवार के पास लौट आया।
(संदीप लांबा)
अतिरिक्त डीसीपी-I, उत्तर-पूर्वी जिला
